उरई में बदमाशों का तांडव: फौजी के घर में घुसकर परिवार को बनाया बंधक, 30 लाख के जेवरात और नकदी लेकर हुए फरार

रिपोर्ट-साजिद जालौन | UP SAMVAD
उरई (जालौन): जनपद जालौन के मुख्यालय उरई में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ बदमाशों ने बुधवार की देर रात एक फौजी के घर को अपना निशाना बनाया। उरई कोतवाली क्षेत्र के मवई रोड स्थित श्री हरी होटल के समीप हुई इस वारदात ने पूरे शहर को दहला कर रख दिया है। सशस्त्र बदमाशों ने फौजी के परिवार को बंधक बनाकर करीब 30 लाख रुपये की डकैती को अंजाम दिया और बड़े ही शातिराना अंदाज में साक्ष्य मिटाकर रफूचक्कर हो गए।
छत के रास्ते दाखिल हुए 10 नकाबपोश बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुस्साहसिक वारदात फौजी सुरजीत के आवास पर घटित हुई। बुधवार की रात करीब 1:00 से 3:00 बजे के बीच, जब पूरा शहर गहरी नींद में सोया था, लगभग 10 की संख्या में आए हथियारबंद बदमाश घर के पिछले हिस्से से सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए। उस समय घर के भीतर फौजी की पत्नी पिंकी, बेटी ज्योति और बेटा समीर मौजूद थे। बदमाशों ने घर में घुसते ही सबसे पहले सो रहे परिजनों को अपने नियंत्रण में ले लिया।
लोहे की रॉड से मारपीट और तमंचे की नोक पर बंधक
पीड़ित परिवार के मुताबिक, बदमाशों ने अंदर घुसते ही दहशत फैला दी। जब परिजनों ने विरोध करने का प्रयास किया, तो दरिंदगी दिखाते हुए बदमाशों ने लोहे की रॉड से उनके साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर और सीने पर तमंचा सटाकर बदमाशों ने मां और बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों के खौफ के आगे बेबस परिवार चीखने-चिल्लाने की स्थिति में भी नहीं रहा।
एक घंटे तक घर खंगाला, 30 लाख की संपत्ति पार

वारदात के दौरान अपराधी पूरी तरह बेखौफ नजर आए। उन्होंने अलमारी की चाबियां छीन लीं और करीब एक घंटे तक घर के हर कोने की गहन तलाशी ली। परिजनों का आरोप है कि बदमाश घर से लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के पुश्तैनी आभूषण और अलमारी में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी समेट ले गए। डकैती की इस बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश उसी रास्ते से फरार हो गए।
साक्ष्य मिटाने की पेशेवर साजिश: DVR भी ले गए बदमाश
इस घटना ने पुलिस की पेशानी पर बल डाल दिए हैं क्योंकि बदमाशों ने बड़ी ही पेशेवर तरीके से साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। घर से निकलते समय बदमाशों ने वहां लगे सभी सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर (DVR) और पूरा रिकॉर्डिंग सिस्टम उखाड़ लिया। इससे यह साफ संकेत मिलता है कि अपराधी पहले से रेकी कर चुके थे और उन्हें घर की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षा उपकरणों की पूरी जानकारी थी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर, जांच तेज
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद्र और चौकी प्रभारी अनिल कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दहशत में स्थानीय लोग, सुरक्षा पर सवाल
मवई रोड जैसे रिहायशी इलाके में हुई इस बड़ी डकैती के बाद स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष और असुरक्षा का भाव है। लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह सुनियोजित डकैती का मामला है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और आसपास के इलाकों में लगे अन्य निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजकर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
मुहम्मद साजिद (मुख्य संस्थापक सीईओ), UP Samvad | उत्तर प्रदेश आधारित स्वतंत्र डिजिटल समाचार मंच। जनहित, तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों के साथ समाचारों के जिम्मेदार प्रकाशन हेतु प्रतिबद्ध।






