विज्ञापन | ADVERTISEMENT
बिसम्भर जनसेवा केंद्र विज्ञापन लियाकत टी स्टॉल बरेली विज्ञापन जनसेवा केंद्र विज्ञापन इंडियन मेडिकल स्टोर बरेली विज्ञापन
Uttar Pradesh Agra

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मिनी बस से टकराई कार, तीन घायल; फतेहाबाद में टला बड़ा हादसा

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना के बाद खड़ी क्षतिग्रस्त डिजायर टैक्सी और मिनी बस

रिपोर्ट : तहसील संवाददाता (फतेहाबाद) आगरा

नींद की झपकी आने से डिजायर टैक्सी आगे चल रही मिनी बस से भिड़ी, हादसे में तीन लोग घायल; वहीं नवीन मंडी के सामने डिवाइडर से टकराया रेत से भरा ट्रक।

फतेहाबाद (आगरा) : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के नींद की झपकी आने के कारण एक डिजायर टैक्सी आगे चल रही मिनी बस से जोरदार अंदाज में टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसे में लक्ष्मण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी गोमती सिंह और कार चालक अनिल कुमार को भी चोटें आईं। टक्कर लगने से टैक्सी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं दूसरी घटना में फतेहाबाद स्थित नवीन मंडी के सामने एक रेत से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया, गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।


​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली घटना रविवार तड़के करीब 2:55 बजे एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 37.300 के समीप हुई। रायबरेली से दिल्ली की ओर जा रही फोर्स कंपनी की मिनी बस में कुल 21 यात्री सवार थे। इसी दौरान पीछे से आ रही डिजायर टैक्सी के चालक को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर मिनी बस से जा भिड़ी। टैक्सी में चालक अनिल कुमार के अलावा लक्ष्मण सिंह, उनकी पत्नी गोमती सिंह तथा बेटियां कोमल व अंजली सवार थीं। यह सभी लोग दिल्ली जा रहे थे।


​दुर्घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी और लुहारी चौकी इंचार्ज देवेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुँचे। पुलिस ने कार सवार सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद भिजवाया। सुरक्षा की दृष्टि से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पुलिस चौकी परिसर में खड़ा कराया गया, जबकि मिनी बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी सुरक्षित रोडवेज बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।


​वहीं, दूसरी घटना इसके कुछ ही मिनट पूर्व तड़के करीब 2:45 बजे नवीन मंडी के सामने घटित हुई। कानपुर देहात से आगरा की तरफ जा रहा रेत से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। इस ट्रक को चालक अजीत सिंह (निवासी संकुरी कलां, थाना फतेहाबाद) चला रहा था। गनीमत यह रही कि इस दूसरे हादसे में किसी भी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ और कोई घायल नहीं हुआ। संवाददाता कासिम मलिक की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

About The Author

Leave a Reply