स्व. सुदर्शन सिंह जादौन की आठवीं पुण्यतिथि पर बुंदेलखंड में वृहद स्वास्थ्य मेले का आयोजन, 850 ग्रामीणों की जांच

0
जालौन में आयोजित वृहद स्वास्थ्य मेले की तस्वीर

उरई(जालौन): बुंदेलखंड महापरिषद के संस्थापक स्वर्गीय सुदर्शन सिंह जादौन की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर जनपद जालौन के विकासखंड डकोर अंतर्गत ग्राम टिमरों में वृहद स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन अनुरागिनी संस्था द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग की सदस्य नीरज गौतम रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी संघ के उपसभापति रामाशंकर जायसवाल उपस्थित रहे, जबकि माधौगढ़ विधानसभा के विधायक मूलचंद्र निरंजन ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों का स्वागत अनुरागिनी संस्था के पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक एवं उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि स्व. सुदर्शन सिंह जादौन ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए समर्पित किया। उन्होंने बताया कि अनुरागिनी संस्था पिछले 28 वर्षों से महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्य अतिथि नीरज गौतम ने कहा कि स्वास्थ्य मेले जैसे आयोजन अनुसूचित जाति, जनजाति और वंचित वर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। वहीं, विशिष्ट अतिथि रामाशंकर जायसवाल ने सहकारिता और सामाजिक संस्थाओं की भूमिका को ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। विधायक मूलचंद्र निरंजन ने ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर देते हुए ऐसे आयोजनों की सराहना की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटोरिया ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में वृहद स्वास्थ्य मेलों के आयोजन से समय रहते बीमारियों की पहचान संभव हो पाती है। स्वास्थ्य मेले में कुल 850 ग्रामीणों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाओं का लाभ लिया। इस दौरान सामान्य रोग परीक्षण, रक्तचाप एवं मधुमेह जांच, महिला एवं बाल स्वास्थ्य परामर्श, आयुष एवं एलोपैथिक चिकित्सा सेवाएं तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने स्व. सुदर्शन सिंह जादौन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सामाजिक, राजनीतिक एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

क्षेत्र की ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए हमारी वेबसाइट पर बने रहें Home

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन |UP SAMVAD
Source: Local Sources

About The Author

Leave a Reply

You may have missed