सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, जालौन मंडी में वाहन चालकों को दी गई अहम सलाह

0
जालौन मंडी में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता अभियान से जुड़ी तस्वीर

जालौन मंडी में वाहन चालकों को जागरूक करते परिवहन विभाग के अधिकारी।

उरई(जालौन): राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत शुक्रवार को जालौन मंडी परिसर में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना रिफ्लेक्टर लगे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों को सुरक्षित परिवहन के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में प्रवर्तन विभाग का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

अभियान का नेतृत्व सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार द्वारा किया गया। अभियान के दौरान जिन वाहनों में रिफ्लेक्टर नहीं लगे पाए गए, उनमें मौके पर ही रिफ्लेक्टर लगाए गए। घने कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों को रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाकर वाहन संचालन करने की सलाह दी गई, जिससे सड़क पर दृश्यता बनी रहे और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

प्रवर्तन टीम ने वाहन चालकों को यातायात सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारियाँ भी दीं। चालकों से अपील की गई कि वे सभी वैध दस्तावेजों के साथ ही वाहन चलाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और ओवरस्पीड से बचें। इसके साथ ही गलत दिशा में वाहन न चलाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन का संचालन न करने तथा कोहरे के समय वाहन की गति सीमित रखने की हिदायत दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने की स्थिति में वाहन चालकों को सुरक्षित स्थानों जैसे पेट्रोल पंप या ढाबों पर वाहन रोक लेने की सलाह दी गई है। इस प्रकार के जागरूकता अभियानों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना और आमजन को सुरक्षित परिवहन के प्रति सजग बनाना है। अभियान के अंत में सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य नियमों की भी जानकारी दी गई।

क्षेत्र की ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए हमारी वेबसाइट पर बने रहें।HOME

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन |UP SAMVAD
Source: Local Sources

About The Author

Leave a Reply

You may have missed