​कोंच: नरकीय व्यवस्था के खिलाफ नागरिकों का फूटा गुस्सा, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन; पालिका की फाइलों में कैद है समाधान

0
कोंच में सीवर की समस्या को लेकर एसडीएम ज्योति सिंह को ज्ञापन सौंपते मोहल्ला वासी और स्थानीय नागरिक।

कोंच (जालौन): नगर में वर्षों से व्याप्त सीवर की समस्या अब जन-आक्रोश का रूप ले चुकी है। कोंच नगर पालिका प्रशासन की अनदेखी और उदासीनता के कारण नागरिक नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सोमवार को मोहल्ला चंदकुआं के आक्रोशित निवासियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति सिंह से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र की बदहाली से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

दूषित पानी और दुर्गंध से जीना मुहाल

​ज्ञापन देने पहुंचे नागरिकों ने बताया कि चंदकुआं से बाजार की ओर जाने वाली मुख्य गली में सीवर व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। निवासियों का आरोप है कि उन्हें न केवल रास्तों में फैली गंदगी और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ रहा है, बल्कि घरों के नलों में भी सीवर युक्त दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इस दूषित पानी के सेवन से मोहल्ले में बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। नागरिकों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे आम जनता में भारी असंतोष व्याप्त है।

फाइलों में धूल फांक रहा है स्टीमेट

​ज्ञापन में शांतनु यादव, अखिलेश चचौदिया और नरेंद्र सहित अन्य बाशिंदों ने तकनीकी समस्या का उल्लेख करते हुए बताया कि रवि गोयल और अशोक अग्रवाल के आवासों के समीप बने सीवर टैंकों के बीच की लगभग 20 मीटर लंबी पाइप लाइन पूरी तरह चोक हो चुकी है। इसके चलते सीवर चेंबर उफन कर सड़कों पर बह रहे हैं।

​हैरानी की बात यह है कि इस समस्या की शिकायत जिलाधिकारी (डीएम) से भी की गई थी। डीएम के कड़े रुख के बाद जल संस्थान ने चोक पाइप लाइन को बदलने के लिए बाकायदा एक ‘स्टीमेट’ तैयार कर नगर पालिका कार्यालय को भेज दिया था। लेकिन, नागरिकों का आरोप है कि वह स्टीमेट महीनों से नगर पालिका की फाइलों में दबा पड़ा धूल फांक रहा है। अधिकारियों की इस लेटलतीफी का खामियाजा मोहल्ले के सैकड़ों परिवारों को भुगतना पड़ रहा है।

इन लोगों ने उठाई आवाज

​एसडीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से शांतनु यादव,रिजवान मंसूरी उर्फ छोटू टाईगर, अखिलेश चचौदिया, नरेंद्र, प्रशांत, महेंद्र, शिवम अग्रवाल, गिरीश कुमार, महेंद्र लोहिया, अमर अग्रवाल, सरोज आदि शामिल रहे। इन सभी ने एक स्वर में मांग की कि इस गंभीर जनहित की समस्या का तुरंत निस्तारण किया जाए।

प्रशासनिक आश्वासन

​एसडीएम ज्योति सिंह ने नागरिकों की समस्या को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि वे इस मामले में नगर पालिका और जल संस्थान के संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फाइलों में अटके कार्य को गति देकर सीवर समस्या का जल्द ही स्थाई समाधान कराया जाएगा।

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन |UP SAMVAD
Source: Local Sources

About The Author

Leave a Reply

You may have missed