भीषण सड़क हादसा: जालौन में मौत का तांडव, ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार; अयोध्या से लौट रहे 6 श्रद्धालुओं की मौत

0
जालौन के कालपी में एनएच-27 पर ट्रक और टवेरा कार की भीषण टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त वाहन और बचाव कार्य में जुटी पुलिस

रिपोर्ट : राहुल, जालौन।UP SAMVAD

कालपी (जालौन) : उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार की सुबह एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। कालपी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-27) पर 84 गुंबद के समीप एक तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भीषण टक्कर में अब तक 6 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं जिनका उपचार जारी है।

रफ्तार का कहर: 100 की स्पीड और सीधे ट्रक में समा गई कार

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टवेरा कार की गति लगभग 100 किमी प्रति घंटा से अधिक थी। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार चालक संभवतः आगे चल रहे वाहन की दूरी का अंदाजा नहीं लगा पाया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा धंसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टवेरा कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गया।

राहत और बचाव: गेट काटकर निकाले गए घायल

​हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया। कार की हालत इतनी खराब थी कि घायलों और मृतकों के शव अंदर ही फंस गए थे। मौके पर पहुंची कालपी कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गैस कटर और अन्य औजारों के जरिए कार के गेट और बॉडी को काटकर घायलों को बाहर निकाला।

​पुलिस के अनुसार, 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान 2 अन्य ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु

​जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग ललितपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। ये सभी श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन कर वापस अपने घर ललितपुर लौट रहे थे। खुशी-खुशी लौट रहे इस परिवार और उनके करीबियों के लिए कालपी का यह सफर आखिरी साबित हुआ। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।

हाइवे पर लगा लंबा जाम, पुलिस ने संभाली स्थिति

​दुर्घटना के कारण झांसी-कानपुर हाईवे पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। क्षतिग्रस्त कार और ट्रक के सड़क के बीचों-बीच होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कालपी कोतवाली पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे किया और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू रूप से संचालित कराया।

​पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी गई है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और हाइवे पर ड्राइविंग के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

You may have missed