मामूली कहासुनी के बाद NH-27 बना अखाड़ा, कीचड़ में लोट-लोटकर चले घूंसे VIDEO VIRAL

0
कालपी में झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर दो पक्षों के युवक नाले के कीचड़ में एक-दूसरे से मारपीट करते हुए।

रिपोर्ट-मुहम्मद साजिद जालौन |UPSAMVAD

कालपी(जालौन): जालौन जिले के कालपी कोतवाली क्षेत्र में झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर मामूली कहासुनी ने कुछ ही मिनटों में हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया। दुर्गा मंदिर के पास दो पक्षों के युवक बीच सड़क पर आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसाए। मारपीट इतनी उग्र हो गई कि युवक सड़क किनारे नाले के कीचड़ में गिरकर एक-दूसरे को पटक-पटक कर पीटते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हाईवे बना रणक्षेत्र,राहगीरों में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। शुरुआत में विवाद मामूली लग रहा था, लेकिन देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। कुछ ही पलों में दोनों पक्षों के युवक सड़क पर उतर आए और झगड़ा हाथापाई में बदल गया।बीच हाईवे पर हो रही इस मारपीट के चलते कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया। लोग रुककर घटना को देखते रहे, जबकि कई लोगों ने युवकों को शांत कराने की कोशिश की।

नाले के कीचड़ में पटक-पटक कर की मारपीट

कालपी में झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर दो पक्षों के युवक नाले के कीचड़ में एक-दूसरे से मारपीट करते हुए।
कालपी में झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर दो पक्षों के युवक नाले के कीचड़ में एक-दूसरे से मारपीट करते हुए।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक सड़क किनारे नाले के कीचड़ में गिरकर एक-दूसरे पर बेरहमी से हमला कर रहे हैं। कोई किसी को धक्का दे रहा है तो कोई लात-घूंसों से वार कर रहा है। काफी देर तक चले इस संघर्ष ने वहां मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया।मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिसके बाद दोनों पक्षों को अलग कराया जा सका।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना के दौरान किसी राहगीर ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। स्थानीय लोग कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह खुलेआम मारपीट होना चिंता का विषय है।

वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान में जुटी पुलिस

मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद कालपी पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजयब्रह्म तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है।उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

You may have missed