जालौन के सिरसाकलार थाना क्षेत्र के अभैदेपुर गांव में पति के साथ खेत गई 60 वर्षीय मालती देवी को सांप ने काटा, सीएचसी कालपी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
कालपी(जालौन) : जालौन के सिरसाकलार थाना क्षेत्र के अभैदेपुर गांव में खेत पर चारा लेने गई एक बुजुर्ग महिला की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। मृतका की पहचान 60 वर्षीय मालती देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मालती देवी अपने पति लालसिंह के साथ खेत पर चारा लेने गई थीं। इसी दौरान खेत में अचानक एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन आनन-फानन में मालती देवी को उपचार के लिए सीएचसी कालपी लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में बुजुर्ग महिला की मौत के बाद शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







