बमरौली कटारा क्षेत्र में हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत फरार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज से तलाश में जुटी
रिपोर्ट : कासिम मालिक (फतेहाबाद) आगरा
फतेहाबाद के थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में मंगलवार देर रात ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में बाइक सवार 32 वर्षीय धर्मवीर सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका साथी ओम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
गढ़ी गया प्रसाद की ओर से आ रहे ट्रैक्टर की विधायक चौराहे की तरफ जा रही बाइक से आमने-सामने टक्कर हुई। हादसे में गढ़ी गया प्रसाद, बमरौली कटारा निवासी धर्मवीर सिंह पुत्र राजवीर सिंह और हिंगोट खेड़िया निवासी ओम पुत्र हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्वजन की मदद से दोनों को उपचार के लिए आगरा भेजा, जहां चिकित्सकों ने धर्मवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। ओम का उपचार चल रहा है।
धर्मवीर सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गया है। उसकी सबसे छोटी बेटी छह माह की बताई गई है। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फुटेज के आधार पर फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।






