रिपोर्ट : तहसील संवाददाता (फतेहाबाद) आगरा
आगरा के डौकी थाना क्षेत्र में गलेपुरा कट के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद सड़क पर बिखर गईं ईंटें; पुलिस ने घायलों को सीएचसी में कराया भर्ती।
आगरा जिले के डौकी थाना क्षेत्र में टंकी चौराहे के समीप गलेपुरा कट पर झांकी वाली जीप और ईंटों से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में जीप में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, झांकी वाली जीप आगरा से फतेहाबाद की दिशा में जा रही थी, जबकि विपरीत दिशा यानी फतेहाबाद की ओर से आगरा जा रहे ईंटों से लदे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में जीप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं ट्रक का एक्सल टूटने के कारण वाहन सड़क पर ही थम गया और उसमें लदी भारी मात्रा में ईंटें सड़क पर बिखर गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही डौकी थाने की पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त जीप को सड़क किनारे हटवाया और बिखरी हुई ईंटों को एकत्र करवाकर मार्ग पर बाधित हुए यातायात को सुचारु रूप से चालू कराया। हालांकि, ट्रक पर अत्यधिक ईंटें लदी होने के कारण उसे तत्काल मौके से हटाया नहीं जा सका।
पुलिस के अनुसार, इस सड़क दुर्घटना में नगला छऊआ, शाहगंज निवासी रामू पुत्र उमाशंकर, जयकुमार पुत्र रामप्रसाद और मनीष पुत्र हरिओम घायल हुए हैं। संवाददाता कासिम मलिक की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है।






