रिपोर्ट : कासिम मालिक (फतेहाबाद) आगरा
लंबित मांगों के निस्तारण को मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, 17 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार की चेतावनी
आगरा : फतेहाबाद में लंबित मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार किया। लेखपालों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर वर्षों से लंबित समस्याओं के निस्तारण की मांग उठाई। साथ ही मांगें पूरी न होने पर 17 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
ज्ञापन में लेखपालों ने 2800 ग्रेड पे लागू करने, वेतन विसंगति दूर करने, अंतर्मंडलीय स्थानांतरण शुरू करने और चयन वर्ष 2025-26 की लंबित पदोन्नति सूची जारी करने की मांग की। इसके अलावा विभागीय परीक्षा परिणाम घोषित कर स्थायीकरण करने तथा स्टेशनरी, मोटरसाइकिल और विशेष भत्ते में वृद्धि का प्रस्ताव स्वीकृत करने की मांग रखी।
लेखपालों का कहना है कि लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद संसाधनों और मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। ग्राम सचिवालयों में बैठने की उचित व्यवस्था, सुरक्षा और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए बिना रोस्टर लागू करना व्यावहारिक नहीं है। संघ ने लेखपाल पद को तकनीकी घोषित कर लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग भी की।
संघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 17 अक्टूबर से प्रदेशभर के लेखपाल संपूर्ण कार्य बहिष्कार करेंगे। इस दौरान तहसील अध्यक्ष रामनरेश त्यागी, दीपक मौर्या, अमित शर्मा, अनिल यादव, राधाकिशन, सोनू बघेल, रवि गोस्वामी, ध्यानेंद्र सिंह तोमर, अलका यादव सहित सभी लेखपाल मौजूद रहे।






