रिपोर्ट नवीन त्रिपाठी जिला संवाददाता अमेठी
श्री संकट मोचन हनुमान गढ़ी मंदिर में हनुमान जी का विशेष पूजन, सुंदरकांड, महाप्रसाद और दीपदान का होगा आयोजन; दुरदुरिया कार्यक्रम में महिलाओं से शामिल होने की अपील
गौरीगंज, अमेठी। जनपद के श्री संकट मोचन हनुमान गढ़ी गोरा मंदिर परिसर में 5 से 8 नवंबर 2026 तक चार दिवसीय धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मां वैष्णो देवी की विशाल दुर्गा पूजा, अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ, सुंदरकांड, हनुमान जी का विशेष पूजन, हवन, महाप्रसाद वितरण और दीपदान सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। मंदिर प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों और रामभक्तों से परिवार सहित पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
आयोजन 1008 स्वामी श्री गया प्रसाद जी महाराज के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में होगा। मंदिर परिसर में नवनिर्मित वैष्णो माता मंदिर में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में भक्ति, सद्भाव, संस्कार और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना है।
5 नवंबर, गुरुवार: सुबह 8 बजे से मां वैष्णो देवी की विशाल दुर्गा पूजा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। रात 8 बजे से कानपुर के रंगीला ग्रुप द्वारा नाटक एवं भरत मिलाप कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा।
6 नवंबर, शुक्रवार: सुबह 8 बजे से श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ प्रारंभ होगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा से जुड़े प्रसंगों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।
7 नवंबर, शनिवार: श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ का समापन होगा। इसके बाद विधि-विधान से हवन एवं पूजन किया जाएगा। श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।
8 नवंबर, रविवार: अंतिम दिन सुबह 4 बजे से हनुमान जी का विशेष पूजन होगा। इसके बाद सुंदरकांड पाठ, आरती और महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। शाम 5:30 बजे दीपदान कार्यक्रम आयोजित होगा।
इसी क्रम में श्री संकट मोचन हनुमानगढ़ी गौरा मंदिर के पुजारी आचार्य धर्मेंद्र पाठक जी महाराज ने क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं से धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से मां वैष्णो देवी के पूजन के अंतर्गत आयोजित होने वाले विशाल दुरदुरिया कार्यक्रम में माताओं और बहनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह किया।
आचार्य धर्मेंद्र पाठक जी महाराज ने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी आस्था, परंपरा और संस्कृति के प्रतीक हैं। ऐसे कार्यक्रमों में सहभागिता से सामाजिक एकता और धार्मिक संस्कारों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
आयोजन के आयोजक एवं प्रबंधक श्री जंगबहादुर सिंह, पूर्व विधायक एवं राज्य मंत्री, गौरीगंज हैं। मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचकर भगवान श्रीराम, संकट मोचन हनुमान जी और मां वैष्णो देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।
संपर्क सूत्र: मंदिर पुजारी — 8707863536, 9628192526।







