रिपोर्ट : तहसील संवाददाता (फतेहाबाद) आगरा
जालौन से घर लौट रहे थे शिक्षक ज्ञान सिंह, वर्मा फिलिंग स्टेशन के सामने हुआ हादसा; स्थानीय लोगों ने कार सीधी कर तीनों को बाहर निकाला
फतेहाबाद (आगरा)। कस्बा फतेहाबाद में वर्मा फिलिंग स्टेशन के सामने बुधवार को एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे में कार सवार शिक्षक की दोनों बेटियां घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने कार को सीधा कर उसमें फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, बरौली अहीर स्थित पुष्पांजलि वेटिकन सिटी निवासी ज्ञान सिंह जालौन में शिक्षक हैं। बुधवार को वह अपनी कार से दोनों बेटियों कशिश सिंह और गरिमा सिंह के साथ जालौन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कस्बा फतेहाबाद में वर्मा फिलिंग स्टेशन के सामने अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार को सीधा कराया और उसमें फंसे शिक्षक व उनकी दोनों बेटियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में दोनों बेटियों को चोटें आईं।





