जालौन: एट थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से किसान की मौत, चालक घायल

0
UP SAMVAD LIVE

दुर्घटना में मृत किसान संजीव कुशवाहा की फाइल फोटो।

एट(जालौन): एट कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में 35 वर्षीय किसान की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। मृतक की पहचान ग्राम चिल्ली निवासी संजीव कुशवाहा के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजीव कुशवाहा बुधवार को अपने खेत से लगभग 25 पैकेट मटर की फली तुड़वाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर एट मंडी जा रहे थे। उनके साथ ट्रैक्टर चालक पवन कुमार भी मौजूद था। झांसी–कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमई के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करते समय अचानक कट मार दिया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।हादसे में संजीव कुशवाहा ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक पवन कुमार उछलकर दूर जा गिरा। ट्रैक्टर पलटने से मटर के पैकेट सड़क पर फैल गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाया। दोनों घायलों को एम्बुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने संजीव कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। चालक पवन कुमार का उपचार जारी है।मृतक के भाई रंजीत कुशवाहा ने बताया कि संजीव अविवाहित थे और खेती-बाड़ी के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन |UP SAMVAD
Source: Local Sources

Leave a Reply

You may have missed