जालौन में 70 लाख के गांजे के साथ चार अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
जालौन पुलिस द्वारा बरामद 2 कुंतल 27 किलो गांजा और गिरफ्तार तस्कर
आटा थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 2 कुंतल 27 किलो गांजा, दो स्कॉर्पियो और ₹5,100 नकद बरामद।
उरई(जालौन): lजालौन में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। आटा थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 कुंतल 27 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि 29 अगस्त को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान चार लोगों को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव पंवार (मूल निवासी शामली, वर्तमान निवासी बागपत), मो. आदिल (शामली), मोईन खान (शामली) और शमीम (बागपत) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे उड़ीसा से सस्ते दाम पर गांजा खरीदकर झांसी, जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर और आसपास के जिलों में उसकी सप्लाई करते थे। चारों मिलकर धन जुटाते और अवैध मादक पदार्थ खरीदकर विभिन्न क्षेत्रों में बेचते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने UK08 BM 4343 और UP19 X 5841 नंबर की दो काले रंग की स्कॉर्पियो भी बरामद की हैं। दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से ₹5,100 नकद भी बरामद हुए हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आटा थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है, जबकि उनके आपराधिक इतिहास और इस अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की भी जांच जारी है।








