संदिग्ध हालात में किशोरी की मौत, मामा के घर मिला फंदे से लटका शव
कोंच (जालौन) : जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र के नया पटेल नगर में बुधवार को एक 17 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मामा के घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि किशोरी ज्योति घर के आंगन में लगे जाल से साड़ी का फंदा बनाकर लटकी मिली। परिजनों ने जब उसे इस हालत में देखा तो तुरंत नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोंच कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले किशोरी किसी युवक से मोबाइल पर बात कर रही थी। इसी दौरान उसके मामा ने मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया था। इसके बाद यह घटना सामने आने से कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट और परिजनों के बयान भी जांच का अहम हिस्सा होंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






