सहायक अध्यापक ने खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत; परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाए आरोप

सहायक अध्यापक अनुरुद्ध पाल (फाइल फोटो), जिनकी गोली लगने से उपचार के दौरान मौत हो गई।
जालौन : जालौन में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां के.पी.एच. जूनियर हाई स्कूल में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात 55 वर्षीय अनुरुद्ध पाल ने सोमवार, 29 दिसंबर 2025 को अपनी लाइसेंसी .315 बोर बंदूक से खुद को गोली मार ली। गंभीर अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आत्मघाती कदम की पुष्टि हुई है, हालांकि कारणों को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।मृतक के बड़े पुत्र कमलेंद्र पाल ने स्कूल प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा लंबे समय से उनके पिता को परेशान किया जा रहा था, जिससे वे लगातार मानसिक दबाव में थे। परिजनों के अनुसार, अनुरुद्ध पाल ने इस संबंध में कई बार स्कूल प्रबंधन से शिकायत की थी, लेकिन उनकी बातों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।परिवार ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि जब तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि स्कूल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली है और मामले की जांच जारी है।
मुहम्मद साजिद (मुख्य संस्थापक सीईओ), UP Samvad | उत्तर प्रदेश आधारित स्वतंत्र डिजिटल समाचार मंच। जनहित, तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों के साथ समाचारों के जिम्मेदार प्रकाशन हेतु प्रतिबद्ध।






