उरई में अतिक्रमण पर कड़ा एक्शन: जिलाधिकारी ने दिया व्यापारियों को 8 दिन का अल्टीमेटम, चलेगा महा-अभियान

उरई (जालौन) | उरई शहर को जाम की समस्या से मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन अब ‘एक्शन मोड’ में आ गया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कोतवाली उरई में प्रमुख व्यापारियों के साथ बैठक कर साफ कर दिया है कि सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
8 दिन का अल्टीमेटम, फिर चलेगा बुलडोजर
जिलाधिकारी ने व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को 8 दिन के भीतर स्वेच्छा से हटा लें। यदि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो पुलिस, राजस्व, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका की संयुक्त टीम नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में सघन अभियान चलाकर अवैध निर्माण को हटाएगी।
वेंडिंग जोन में शिफ्ट होंगे ठेले-खुमचे
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए वेंडिंग जोन निर्धारित किए गए हैं। ठेले और खुमचे वालों को व्यवस्थित रूप से इन्हीं जोन में रोजगार करने की अनुमति होगी, ताकि मुख्य सड़कों पर आवागमन बाधित न हो।
व्यापारियों ने दिया समर्थन
प्रशासन की इस पहल का व्यापारियों ने भी स्वागत किया है। व्यापारी प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि वे अन्य दुकानदारों को जागरूक करेंगे ताकि उरई को स्वच्छ, सुंदर और जाम मुक्त बनाया जा सके। बैठक में व्यापारियों द्वारा दिए गए सुझावों पर नगर मजिस्ट्रेट को समीक्षा कर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
उपस्थिति: बैठक में नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, सीओ सिटी अर्चना सिंह सहित प्रमुख व्यापारी दिलीप सेठ, संतोष गुप्ता और अरुण त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
मुहम्मद साजिद (मुख्य संस्थापक सीईओ), UP Samvad | उत्तर प्रदेश आधारित स्वतंत्र डिजिटल समाचार मंच। जनहित, तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों के साथ समाचारों के जिम्मेदार प्रकाशन हेतु प्रतिबद्ध।






