बहन की शादी की तैयारियों के बीच पसरा मातम: जालौन में दबंगों की पिटाई से आहत युवक ने कुएं में कूदकर दी जान

रिपोर्ट : राहुल, जालौन।UP SAMVAD
जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एट कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम अकोड़ी बैरागढ़ में मामूली विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। खेत से निकलने को लेकर हुए विवाद और दबंगों द्वारा की गई मारपीट से आहत होकर 23 वर्षीय युवक प्रदीप ने कुएं में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय युवक के माता-पिता घर पर नहीं थे, वे अपनी बेटी की शादी के कार्ड बांटने रिश्तेदारी में गए थे।
फसल को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतक प्रदीप (23) पेशे से किसान था और अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। बुधवार दोपहर प्रदीप गांव के ही नीलेश पटेल के खेत से होकर गुजर रहा था। खेत में मूंग की फसल बोई हुई थी। नीलेश का आरोप था कि प्रदीप बार-बार फसल के बीच से निकल रहा था जिससे उसकी फसल खराब हो रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ा कि नीलेश और उसके कुछ साथियों ने मिलकर प्रदीप की बेरहमी से पिटाई कर दी।
दबंगों के घर भी हुई बेइज्जती, वायरल हुआ सुसाइड वीडियो
पिटाई से आहत प्रदीप जब इसकी शिकायत लेकर नीलेश के घर पहुँचा, तो वहां भी आरोपियों ने उसके साथ बदसलूकी और मारपीट की। इस अपमान को प्रदीप बर्दाश्त नहीं कर सका। घटना का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ ग्रामीण गाली-गलौज कर रहे हैं और प्रदीप बदहवास स्थिति में दौड़ता हुआ कुएं की ओर जा रहा है। देखते ही देखते उसने कुएं में छलांग लगा दी। हृदयविदारक बात यह रही कि प्रदीप के कूदने के बाद भी वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया।
आधे घंटे तक कुएं में पड़ा रहा शव, शादी वाले घर में मचा कोहराम
प्रदीप का शव करीब आधे घंटे तक कुएं के पानी में पड़ा रहा। जब परिजनों को इसकी भनक लगी तो वे मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतक के घर में 26 अप्रैल को उसकी बहन की शादी है। माता-पिता शादी का निमंत्रण देने गए थे, लेकिन जब वे घर लौटे तो उनके सामने जवान बेटे का शव पड़ा था। घर में जहाँ मंगल गीतों की तैयारी थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। प्रदीप अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।
पुलिस की कार्रवाई और सीओ का बयान
घटना की सूचना मिलते ही एट थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोंच के क्षेत्राधिकारी (CO) परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फसल को लेकर हुए विवाद और मारपीट के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
सीओ परमेश्वर प्रसाद के अनुसार:
”प्रदीप नीलेश पटेल के खेत से निकल रहा था, जहाँ मूंग की बुवाई हुई थी। इसी बात को लेकर हुए विवाद में नीलेश ने प्रदीप के साथ मारपीट की, जिससे क्षुब्ध होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
वर्तमान में गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है ताकि उन लोगों की पहचान की जा सके जो प्रदीप को उकसा रहे थे या उसे बचाने के बजाय तमाशबीन बने रहे।







