पुलिस कार्रवाई और मानसिक तनाव से परेशान अधेड़ ने दी जान, मंदिर की दीवार पर लिखा सुसाइड नोट, कुएं में मिला शव

0
जालौन के कोंच क्षेत्र में खेत के मंदिर के पास मौजूद पुलिस टीम, जहां सुसाइड नोट लिखने के बाद अधेड़ व्यक्ति ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।

रिपोर्ट-मुहम्मद साजिद जालौन |UPSAMVAD

कोंच(जालौन) : जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पुलिस कार्रवाई और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर एक अधेड़ व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मनोज हिंगवासिया के रूप में हुई है, जिन्होंने खेत में बने एक मंदिर की दीवार पर सुसाइड नोट लिखने के बाद पास स्थित कुएं में छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विवाद के बाद बढ़ा तनाव, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार मनोज हिंगवासिया कोंच कोतवाली क्षेत्र के पुष्पा गार्डन के पास रहते थे। कुछ माह पूर्व दो पक्षों के बीच हुए विवाद में उनका नाम सामने आया था। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान राजा नमकीन से जुड़े कुछ लोगों ने मनोज के साथ बेरहमी से मारपीट की थी और सार्वजनिक रूप से उन्हें जूते-चप्पलों से पीटा गया था।

बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद मनोज ने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई होने के बजाय उन्हीं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। परिवार का आरोप है कि इसी के बाद से मनोज मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे।

बेटे ने लगाया दबाव और प्रताड़ना का आरोप

मृतक के पुत्र प्रखर हिंगवासिया ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पिता पर लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि आरोपियों की ओर से यह कहा जा रहा था कि पैसे देने के बाद ही मामला शांत होगा। परिवार का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई और लगातार मानसिक दबाव के चलते मनोज पूरी तरह टूट चुके थे और इसी वजह से उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।

मंदिर के बाहर मिले कपड़े और सुसाइड नोट

परिजनों के मुताबिक मनोज गुरुवार शाम से घर से लापता थे। परिवार और रिश्तेदार देर रात तक उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह कैलिया बाईपास रोड स्थित अरुण गैस एजेंसी के पास खेत में बने मंदिर के बाहर उनके कपड़े और छड़ी पड़ी मिली। यह देखकर इलाके में सनसनी फैल गई।

मौके पर मंदिर की दीवार पर लिखा सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें कथित रूप से उन्होंने अपनी पीड़ा और मानसिक तनाव का जिक्र किया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कुएं से निकाला शव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कुएं से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मौके से मिले सुसाइड नोट को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

निष्पक्ष जांच की मांग, पुलिस ने कही जांच की बात

घटना के बाद क्षेत्र में परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं इस मामले में सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जालौन के कोंच क्षेत्र में खेत के मंदिर के पास मौजूद पुलिस टीम, जहां सुसाइड नोट लिखने के बाद अधेड़ व्यक्ति ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।
जालौन के कोंच क्षेत्र में खेत के मंदिर के पास मौजूद पुलिस टीम, जहां सुसाइड नोट लिखने के बाद अधेड़ व्यक्ति ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस कार्रवाई और मानसिक तनाव से परेशान अधेड़ ने दी जान, मंदिर की दीवार पर लिखा सुसाइड नोट, कुएं में मिला शव news image

Leave a Reply

You may have missed