जालौन में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद: चेकिंग के दौरान एसडीएम से भिड़े डंपर चालक, वीडियो बनाने पर होमगार्ड को पीटा; 8 डंपर सीज

रिपोर्ट : राहुल, जालौन।UP SAMVAD
जालौन। उत्तर प्रदेश में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ शासन के सख्त निर्देशों के बाद भी खनन माफियाओं के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला जालौन जनपद के कुठौंद थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां रविवार दोपहर को चेकिंग के दौरान ओवरलोड डंपर चालकों ने न सिर्फ प्रशासनिक अधिकारियों के काम में बाधा डाली, बल्कि ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की भी की। इस दुस्साहस के बावजूद एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कुठौंद और जालौन शहर क्षेत्र में कुल 8 ओवरलोड व बिना नंबर प्लेट के डंपरों को सीज कर दिया है।
नहर कोठी के पास चेकिंग के दौरान भड़का विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की दोपहर को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रिंकू सिंह राही पुलिस बल और राजस्व टीम के साथ कुठौंद कस्बे में मौजूद थे। जालौन-औरैया मार्ग पर स्थित नहर कोठी के पास जब टीम ने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की, तो औरैया की तरफ जा रहे मौरंग (बालू) से लदे चार बड़े डंपरों को रोका गया।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, ये डंपर न सिर्फ बुरी तरह ओवरलोड थे, बल्कि इन पर नियमानुसार नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। जब एसडीएम रिंकू सिंह राही ने चालकों से वाहन के वैध कागजात, रॉयल्टी और परमिट दिखाने को कहा, तो चालक सकपका गए। कागजात न होने पर चालकों ने अपनी गलती मानने के बजाय प्रशासनिक टीम के साथ ही तीखी बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते वे एसडीएम से भिड़ गए।
वीडियो बनाने पर होमगार्ड पर हमला, आई चोटें
जब डंपर चालक और उनके साथी मौके पर हंगामा करने लगे, तो स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम में शामिल एक लेखपाल ने साक्ष्य के तौर पर अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। चालकों ने जब वीडियो बनते देखा, तो वे उग्र हो गए और मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगे।
मौके पर मौजूद होमगार्ड जय सिंह ने जब चालकों को रोकने का प्रयास किया और बीच-बचाव किया, तो दबंग चालकों ने उनके साथ सीधे तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इस झूमाझटकी में होमगार्ड जय सिंह को धक्का देकर गिरा दिया गया, जिससे उनकी उंगली में गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल होमगार्ड को तत्काल नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भिजवाया गया।
जालौन चुंगी नंबर चार पर भी गरजे एसडीएम; कुल 8 डंपर सीज
चालकों के इस दुस्साहस के बाद भी एसडीएम रिंकू सिंह राही पीछे नहीं हटे। उन्होंने तत्काल कड़ा एक्शन लेते हुए कुठौंद मार्ग से पकड़े गए चारों ओवरलोड डंपरों को सीज कर दिया और पुलिस अभिरक्षा में कुठौंद थाने भिजवा दिया।
इसके तुरंत बाद एसडीएम ने अपना अभियान आगे बढ़ाया और जालौन नगर क्षेत्र के चुंगी नंबर चार के पास भी सघन चेकिंग अभियान चलाया। यहाँ भी नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे अन्य चार ओवरलोड डंपरों को रोककर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। इस प्रकार रविवार को कुल 8 डंपरों को प्रशासनिक टीम ने अपने कब्जे में लेकर सीज किया है।
पुलिस को तहरीर का इंतजार, एसडीएम ने दी कड़ी चेतावनी
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जब कुठौंद थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद दुबे से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि:
”एसडीएम साहब की अगुवाई में चार डंपरों को पकड़कर थाने में खड़ा कराए जाने की सूचना है। डंपर सीज किए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक राजस्व टीम या पीड़ित होमगार्ड की तरफ से चालकों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने या मारपीट करने के संबंध में कोई लिखित शिकायती पत्र (तहरीर) नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
उधर, इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एसडीएम रिंकू सिंह राही ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध खनन, ओवरलोडिंग और परिवहन के नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ और सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे और आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक कड़ाई से जारी रहेगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं और अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।






