उरई कोतवाली पुलिस ने लाखों की हार-जीत की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 1.37 लाख रुपये नकद और 8 मोबाइल फोन बरामद किए।
उरई(जालौन) :जालौन की उरई कोतवाली पुलिस ने मैकेनिक नगर इलाके में संचालित कथित जुए के अड्डे पर छापेमारी कर आठ जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 37 हजार 500 रुपये नकद और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मैकेनिक नगर क्षेत्र में हर रोज लाखों रुपये की हार-जीत के साथ जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी, जहां कई लोग जुआ खेलते मिले। छापेमारी के दौरान आठ लोगों को मौके से पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान गिरफ्तार जुआरियों के कब्जे से 1.37 लाख रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन तथा जुए में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई। बरामदगी के बाद सभी आरोपियों को उरई कोतवाली लाया गया।
उरई कोतवाली पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






