उरई रेलवे स्टेशन पहुंचकर जीआरपी पुलिस अधीक्षक ने अपराध रजिस्टर का अवलोकन किया और सर्कुलेशन एरिया का निरीक्षण कर थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए।
उरई(जालौन) :जालौन के उरई रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने का शनिवार को जीआरपी पुलिस अधीक्षक ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, अपराध रजिस्टर और रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।
एसपी ने सबसे पहले जीआरपी थाने के अभिलेखों का निरीक्षण कर अपराध रजिस्टर का अवलोकन किया। लंबित मामलों और थाने की व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ उन्होंने रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने उरई रेलवे स्टेशन के सर्कुलेशन एरिया का भ्रमण कर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। स्टेशन परिसर में तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जीआरपी पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को अपराध की रोकथाम, नियमित गश्त और रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।






