कोंच तहसील परिसर में किसान के विरासत प्रमाण पत्र को लेकर कहासुनी गाली-गलौज और खींचतान में बदली, पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष आमने-सामने आए।
कोंच(जालौन) : जालौन के कोंच तहसील परिसर स्थित लेखपाल कक्ष में विरासत प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर अधिवक्ता और लेखपालों के बीच गाली-गलौज और खींचतान का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे प्रकरण की चर्चा तेज हो गई।
जानकारी के अनुसार, एक किसान पिछले करीब छह माह से विरासत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लेखपाल के चक्कर काट रहा था। किसान की ओर से अधिवक्ता अभिषेक खरे विरासत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लेखपाल कक्ष पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और खींचतान में बदल गई।
वायरल वीडियो में लेखपाल कक्ष के भीतर दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से तीखी बहस करते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी अधिवक्ता और लेखपाल आपस में भिड़ते नजर आए।
अधिवक्ता अभिषेक खरे का कहना है कि वह किसान का लंबित विरासत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पहुंचे थे। वहीं मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







