उरई कोतवाली क्षेत्र में मिट्टी के ढेर से टकराकर अनियंत्रित हुई बाइक सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ी, 40 वर्षीय हिरदेश कुमार की मौके पर मौत।
उरई(जालौन) : जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय हिरदेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, इंद्रा नगर निवासी हिरदेश कुमार राठ से बाइक पर अपने घर उरई लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर पर चढ़ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। उरई कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, हिरदेश कुमार मेलों में रंग और सिंदूर की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार में मातम छा गया है। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।






