उरई कोतवाली क्षेत्र के लहरियापुरवा मोहल्ला का मामला, मामूली विवाद में किशोर को बचाने पर दबंगों ने दंपति और रिश्तेदारों पर बोला हमला।
उरई (जालौन) : जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लहरियापुरवा में चार माह की गर्भवती रोडवेज परिचालक के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के पति और रिश्तेदार भी घायल हो गए, जिसमें महिला के हाथ में चार टांके आए हैं।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब दबंग पिता-पुत्र समेत कई लोगों द्वारा मामा के लड़के 16 वर्षीय किशोर नमन के साथ मारपीट की जा रही थी। उसे बचाने के लिए जब महिला और उसका पति मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से उन पर भी हमला बोल दिया। इसी दौरान एक युवक पर गर्भवती रोडवेज परिचालक पर चाकू से वार करने का आरोप है।
घटना के बाद आरोपियों द्वारा गाली-गलौज किए जाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मारपीट और हमले को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़िता लक्ष्मी देवी के अनुसार, स्थानीय पुलिस स्तर पर कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोंच में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर एसपी विनय कुमार सिंह से शिकायत की। एसपी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए उरई कोतवाली पुलिस को त्वरित एफआईआर दर्ज करने के सख्त निर्देश दिए हैं।






