CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से हुई बरामदगी, 2026 में अब तक 2,398 मोबाइल फोन बरामद किए गए
आजमगढ़। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में आजमगढ़ पुलिस ने करीब 61 लाख रुपये कीमत के 265 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शनिवार को बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर तकनीकी निगरानी और सर्विलांस के जरिए गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया गया। इसके बाद पुलिस ने 265 मोबाइल फोन बरामद किए।
शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन, आजमगढ़ में कार्यक्रम आयोजित कर बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 2,398 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 31 लाख 75 हजार रुपये है। वहीं फरवरी 2024 से अब तक CEIR पोर्टल और सर्विलांस सेल की मदद से कुल 6,035 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 14 करोड़ 37 लाख रुपये बताई गई है।
आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, नागरिकों के गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।






