रिपोर्ट : कासिम मलिक आगरा
अपर मुख्य सचिव मुकेश मिश्राम ने फतेहाबाद और शमसाबाद की तीन गोशालाओं का किया औचक निरीक्षण, गोवंश के बेहतर संरक्षण पर दिया जोर
फतेहाबाद(आगरा) : अपर मुख्य सचिव पशुपालन एवं दुग्ध मुकेश मिश्राम ने शनिवार को शमसाबाद और फतेहाबाद ब्लॉक की तीन गोशालाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने गोवंश के रखरखाव, स्वास्थ्य, चारा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। फतेहाबाद ब्लॉक में 225 गांवों के सापेक्ष महज दो पशु चिकित्सालय होने पर उन्होंने नए पशु चिकित्सालयों की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
सबसे पहले उन्होंने शमसाबाद ब्लॉक की वृहद गोशाला कौलारा कलां का निरीक्षण किया। यहां सभी गोवंश की टैगिंग कराने के साथ एचएस, एलएसडी और एफएमडी समेत अन्य बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने स्वस्थ गायों को सीमन के माध्यम से गर्भित कराने तथा गोवंश के लिए नैपीयर घास तैयार कराने के निर्देश दिए।
गोशाला परिसर में जलभराव और गंदगी की स्थिति में सुधार करने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। साथ ही गोशाला परिसर में पौधारोपण कराने को कहा, जिससे गोवंश को पेड़ों की छाया मिल सके। गोशाला की रंगाई-पुताई और मरम्मत का कार्य एसएफसी पूलिंग व वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने फतेहाबाद ब्लॉक की नगरचंद गोशाला का निरीक्षण किया। यहां 227 गोवंश संरक्षित मिले, जिनमें दो बीमार थे। उन्होंने बीमार गोवंश का समुचित उपचार कराने, गोबर का उचित निस्तारण करने और परिसर में बने गड्ढे से पंपसेट लगाकर पानी निकलवाने के निर्देश दिए।
वृहद गोशाला स्वारा में 430 गोवंश मिले, जिनमें दो बीमार थे। अपर मुख्य सचिव ने दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, गोवंश के लिए नैपीयर घास तैयार करने और जलनिकासी के लिए गोशाला के पास तालाब बनवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बीवी श्रीरामजी और एसएफसी से दो अतिरिक्त शेडों का निर्माण कराने को कहा।
अपर मुख्य सचिव ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. दिलीप कुमार पांडेय को निर्देश दिए कि फतेहाबाद ब्लॉक में पशुओं के उपचार की सुविधा बढ़ाने के लिए नए पशु चिकित्सालयों का प्रस्ताव जल्द शासन को भेजना सुनिश्चित करें।






