रिपोर्ट : राशिद अली बहराइच
कबड़िया टोला निवासी तारिक अली ने पड़ोसियों पर गाली-गलौज और जानमाल की धमकी देने का आरोप लगाया, प्रशासन से दीवार उठवाने की मांग की।
बहराइच (बलहा)। नानपारा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबड़िया टोला निवासी तारिक अली पुत्र लियाकत अली ने थाना समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर अपनी प्लॉट की पुरानी गिरी हुई दीवार उठवाने की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि पड़ोसी अफजल मालिक, इकराम मालिक पुत्र समद मालिक और इकराम के परिवार के लोग दीवार उठाने से रोक रहे हैं।
तारिक अली के मुताबिक, पिछली बारिश और आंधी के दौरान उनके प्लॉट की पुरानी दीवार गिर गई थी। जब उन्होंने दीवार दोबारा उठाने का काम शुरू किया तो आरोप है कि विपक्षी मौके पर इकट्ठा हो गए और दीवार को अपनी बताते हुए निर्माण कार्य रोक दिया। पीड़ित ने उनके द्वारा गाली-गलौज करने और जानमाल की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
प्रार्थी के अनुसार, विपक्षियों ने पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दीवार उठाने का काम रुकवा दिया। इसके बाद तारिक अली ने इस संबंध में 27 सितंबर 2026 को नानपारा कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को भी शिकायत दी, लेकिन उनके मुताबिक, कोई कार्रवाई नहीं हुई।
तारिक अली का कहना है कि वह प्रतिदिन कोतवाली जाते हैं, लेकिन विपक्षी न तो वहां पहुंचता है और न ही अपने पक्ष में कोई कागजात दिखा पा रहा है। पीड़ित ने विपक्षी पर दबंगई करने का आरोप लगाया है।
अब तारिक अली ने थाना समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर अपनी पुरानी नींव पर गिरी दीवार दोबारा उठाने देने की मांग की है। मामले में पुलिस और संबंधित अधिकारियों की ओर से कार्रवाई या पक्ष की जानकारी उपलब्ध नहीं है।






