रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार यादव (ब्यूरो चीफ, बदायूं)
रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, पुलिसकर्मियों ने शोक शस्त्र और सलामी देकर रखा दो मिनट का मौन
बदायूं। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (IPS) के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान शहीद जवानों के बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित किया गया। इसके बाद पुलिस गार्द ने शोक शस्त्र और सलामी देकर शहीद जवानों को नमन किया। उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
एसएसपी ने कहा कि राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सदैव स्मरणीय एवं प्रेरणादायक रहेगी। उनके बलिदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ नगर सुमेध मिलिंद जाधव सहित जिले के समस्त क्षेत्राधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।





