रिपोर्ट-शालेहीन शेख आजमगढ़
लाठी-डंडों से हमले में गंभीर रूप से घायल राजन चौबे ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
आजमगढ़ : बलरामपुर क्षेत्र में शनिवार रात करीब 10 बजे शराब के ठेके पर कहासुनी के बाद एक युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान राजन चौबे (35) पुत्र कैलाश चौबे निवासी ग्राम बिजरवा, पोस्ट बनकट, जिला आजमगढ़ के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, राजन चौबे बलरामपुर स्थित शराब के ठेके पर मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अज्ञात लोगों ने राजन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के समय राजन के साथ मौजूद उसके चचेरे भाई शुभम चौबे पुत्र गुलाब चौबे को भी हल्की चोटें आई हैं। घायल राजन को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। बनकट चौकी इंचार्ज सौरभ सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जानकारी मिलने पर कोतवाली थानाध्यक्ष और एसपी सिटी शुभम तोदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमले में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस शराब ठेके पर हुई कहासुनी और उसके बाद हुए विवाद के कारणों की भी जांच कर रही है।
राजन चौबे दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में 13 साल का बेटा और 11 साल की बेटी हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शराब ठेके पर विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और राजन पर हमला करने वाले लोग कौन थे।






