रिपोर्ट तरुण कुमार बरेली
फरीदपुर पुलिस की कार्रवाई, लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के बाद पटाखों का भंडारण करने का आरोप
बरेली। जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से भंडारित पटाखों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 5 लाख रुपये से अधिक कीमत के 260 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गंगाराम पुत्र परमेश्वरी दयाल, निवासी मोहल्ला परा, फरीदपुर, जनपद बरेली, उम्र करीब 52 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी के पास पटाखों की बिक्री के लिए जारी लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद पटाखों का भंडारण किया गया था। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध थाना फरीदपुर में मुकदमा संख्या 789/2026, धारा 5/9(बी) विस्फोटक अधिनियम के तहत पंजीकृत किया है।
यह कार्रवाई 16 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम द्वारा की गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






