विज्ञापन | ADVERTISEMENT
बिसम्भर जनसेवा केंद्र विज्ञापन लियाकत टी स्टॉल बरेली विज्ञापन जनसेवा केंद्र विज्ञापन इंडियन मेडिकल स्टोर बरेली विज्ञापन
Uttar Pradesh Amethi

अमेठी में पिंक समाधान दिवस: चार तहसीलों में 141 शिकायतें, 22 का मौके पर निस्तारण

अमेठी की गौरीगंज तहसील में पिंक समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की शिकायतें सुनते जिलाधिकारी शशांक चौधरी।

रिपोर्ट नवीन त्रिपाठी अमेठी

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत डीएम शशांक चौधरी ने गौरीगंज में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

अमेठी। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत शनिवार को अमेठी जनपद की चारों तहसीलों में पिंक समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 141 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 का मौके पर निस्तारण किया गया। गौरीगंज तहसील में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने की। वहीं, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, हीलाहवाली या उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पेंशन, आवास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों के समाधान में विभागीय समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। संवेदनशील मामलों में अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर जांच करने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, गौरीगंज में 59 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9 का मौके पर निस्तारण किया गया। तिलोई में 22 शिकायतों में से 4, मुसाफिरखाना में 24 में से 3 और अमेठी तहसील में 36 शिकायतों में से 6 का निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर जांच एवं निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालयों में जनसुनवाई करें। उन्होंने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को समय से राहत मिल सके।

समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी गौरीगंज, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, तहसीलदार गौरीगंज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

अमेठी की गौरीगंज तहसील में पिंक समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की शिकायतें सुनते जिलाधिकारी शशांक चौधरी।

About The Author

Leave a Reply