​देवगांव में दहशत: दो घरों से निकले 15-15 फीट लंबे विशाल अजगर, ग्रामीणों ने खुद किया रेस्क्

0
जालौन के देवगांव में घर के अंदर मिला 15 फीट लंबा विशाल अजगर।

कोंच (जालौन): तहसील क्षेत्र के ग्राम रवा में तेंदुए की आहट से अभी लोग संभले भी नहीं थे कि अब पास के ही ग्राम देवगांव में दो विशालकाय अजगरों के निकलने से हड़कंप मच गया। रविवार दोपहर अलग-अलग घरों में अजगर मिलने से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

बंद घर खोलते ही सामने आ गया काल

​ग्राम देवगांव निवासी हरिकृष्ण याज्ञिक दिल्ली में रहते हैं। रविवार को जब वह गांव आए और दोपहर करीब 12:30 बजे अपने बंद घर का ताला खोला, तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। घर के फर्श पर करीब 15 फीट लंबा और 20 किलो वजन का एक भारी-भरकम अजगर पसरा हुआ था। हरिकृष्ण ने शोर मचाते हुए ग्रामीणों को इकट्ठा किया।

दूसरे घर में भी मिला भारी अजगर

​अभी लोग पहले अजगर को देख ही रहे थे कि कुछ देर बाद गांव के ही रामरतन अहिरवार के जानवरों वाले बाड़े में भी इतना ही बड़ा एक और अजगर दिखाई दिया। एक साथ दो विशाल शिकारी सांपों के निकलने से ग्रामीण बुरी तरह खौफजदा हो गए।

वन विभाग की देरी, ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा

​ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, लेकिन तेंदुआ रेस्क्यू में व्यस्त होने के कारण जब कोई टीम नहीं पहुँची, तो ग्रामीणों ने नरी गांव के नाथ अशोकदास को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों के सहयोग से अशोकदास ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों अजगरों को काबू में किया और उन्हें पाइप व बोरियों में सुरक्षित बंद किया। इसके बाद ही गांव वालों ने राहत की सांस ली। दोनों अजगरों को आबादी से दूर सुरक्षित जंगलों में छोड़ दिया गया है।

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन |UP SAMVAD
Source: Local Sources

Leave a Reply

You may have missed