एफपीओ व सहकारी समितियों को ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट पर अनुदान का अवसर

प्रतीकात्मक फोटो: ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट योजना के तहत किसानों और एफपीओ को मिलेगा अनुदान।
जालौन(उरई): 26 दिसंबर 2025 (सू०वि०) उप कृषि निदेशक एस.के. उत्तम ने जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल (ऑयलसीड्स) योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में एफपीओ (FPO) एवं सहकारी समितियों के लिए 10 टन क्षमता की ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट तथा कृषकों के लिए मिनी ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट प्राप्त करने का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया गया है।उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के पोर्टल agridarshan.up.gov.in एवं upfposhaktiportal.up.gov.in पर पंजीकृत एफपीओ/सहकारी समितियों द्वारा यदि 10 टन क्षमता की ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट स्थापित की जाती है, तो उन्हें परियोजना लागत का 33 प्रतिशत अथवा अधिकतम 9 लाख 90 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा।वहीं, कृषि विभाग के पोर्टल agridarshan.up.gov.in पर पंजीकृत कृषकों को मिनी ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट के लिए परियोजना लागत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 2 लाख रुपये तक अनुदान प्रदान किया जाएगा।इस योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 26 दिसंबर 2025 से 9 जनवरी 2026 तक कृषि विभाग के पोर्टल agridarshan.up.gov.in के माध्यम से पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जाएगी।यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो लाभार्थियों का चयन जनपद स्तरीय गठित समिति के समक्ष ऑनलाइन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।अतः इच्छुक एफपीओ, सहकारी समितियां एवं कृषक निर्धारित तिथि के भीतर कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
मुहम्मद साजिद (मुख्य संस्थापक सीईओ), UP Samvad | उत्तर प्रदेश आधारित स्वतंत्र डिजिटल समाचार मंच। जनहित, तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों के साथ समाचारों के जिम्मेदार प्रकाशन हेतु प्रतिबद्ध।






