जालौन: बारात चढ़ते वक्त हर्ष फायरिंग, मासूम सहित तीन लोगों को लगी गोली

0
Nadigao thana

जालौन (कोंच): जालौन जिले के कोंच क्षेत्र अंतर्गत शिवनी बुजुर्ग गांव में शादी समारोह के दौरान हुई कथित हर्ष फायरिंग ने खुशियों को मातम में बदल दिया। फायरिंग की इस घटना में एक 9 वर्षीय बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है।घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। शिवनी बुजुर्ग निवासी लल्ला भइया की पुत्री आकांक्षा की शादी में मैनपुरी से बारात पहुंची थी। बारात चढ़ने के दौरान उत्साह में एक रिश्तेदार द्वारा की गई फायरिंग अचानक अनियंत्रित हो गई। चली गोली की चपेट में दुल्हन के चाचा शेर सिंह (35), भाई हेमंत (17) और भतीजा अन्नू (9) आ गए।फायरिंग की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल घायलों को निजी वाहनों से कोंच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायरिंग करने के आरोपित व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष शशिकांत चौहान ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग में इस्तेमाल की गई बंदूक किसकी है और वैध थी या नहीं। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन |UP SAMVAD
Source: Local Sources

Leave a Reply

You may have missed