चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम औंता में 52 वर्षीय किसान आमोद प्रजापति ने खेत पर जाकर फंदा लगाया, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जालौन : जालौन के चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम औंता में फसल में हुए भारी नुकसान और भविष्य की चिंता से परेशान एक किसान ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, 52 वर्षीय आमोद प्रजापति फसल बर्बादी के कारण काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। उन्हें अपने दो बच्चों के भविष्य की भी गहरी चिंता सता रही थी, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब पांच बजे आमोद प्रजापति अपने खेत पर गए थे। वहीं उन्होंने कथित तौर पर रस्सी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। काफी देर तक उनके घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
खेत पर पहुंचने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर चुर्खी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अचानक हुई दुर्घटना से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।






