जालौन हत्या कांड: पत्नी ने लगाए हत्या के आरोप, दो लोगों पर केस दर्ज

खर्रा गांव में हत्या की वारदात के बाद घटनास्थल पर मौजूद पुलिस बल और ग्रामीण।
जालौन : कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खर्रा में सोमवार रात एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह खेत की खंदक में युवक का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार तड़के भगवान सिंह कुशवाहा के खेत के पास खंदक में एक शव पड़ा देखा गया। पहचान करने पर मृतक गांव निवासी हरिनारायण उर्फ कल्लू पाल (45) पुत्र सुखीलाल के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया गया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र कुमार वाजपेयी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सोमवार रात मृतक दो अन्य लोगों के साथ था और तीनों ने साथ में शराब पार्टी की थी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर कुल्हाड़ी से वार कर हरिनारायण की हत्या कर दी गई। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी श्यामा चरण ने नशे की हालत में कुल्हाड़ी से वार करने की बात स्वीकार की है।मृतक की पत्नी भारती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे उन्होंने पति से फोन पर बात की थी। उस समय पति ने बताया था कि वह पुलिया के पास खेत में है और देर रात तक लौटेगा, इसलिए परिवार को खाना खाकर सो जाने को कहा था। इसके बाद परिवार सो गया और सुबह शव मिलने की सूचना मिली।पत्नी ने आरोप लगाया कि गांव के ही छोटे लाल पाल और श्यामा चरण पाल ने मिलकर उसके पति की हत्या की है। कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मुहम्मद साजिद (मुख्य संस्थापक सीईओ), UP Samvad | उत्तर प्रदेश आधारित स्वतंत्र डिजिटल समाचार मंच। जनहित, तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों के साथ समाचारों के जिम्मेदार प्रकाशन हेतु प्रतिबद्ध।






