जालौन में बड़ा हादसा टला, घने कोहरे में रिफाइंड तेल से भरी पिकअप नहर में पलटी

परैथा नहर मोड़ पर हुआ हादसा, नहर में गिरी पिकअप
जालौन (कोंच):कोंच कोतवाली क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि एक बड़ा हादसा हो गया। परैथा नहर मोड़ के पास घने कोहरे के कारण रिफाइंड तेल से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। हादसा रात करीब एक बजे हुआ, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, औरैया निवासी चालक शिवम और झांसी निवासी परिचालक अभिषेक पिकअप वाहन से 210 टीन फॉर्चून रिफाइंड तेल लेकर जालौन स्थित एक दुकान पर सप्लाई के लिए जा रहे थे। परैथा नहर मोड़ के पास घना कोहरा होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप पहले गड्ढे में गिरी, फिर पलटते हुए नहर में जा समाई।
हादसे में पिकअप में लदा लगभग ढाई लाख रुपये का रिफाइंड तेल नष्ट हो गया, जबकि वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए खिड़की का कांच तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में गिरे वाहन व माल को लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
मुहम्मद साजिद (मुख्य संस्थापक सीईओ), UP Samvad | उत्तर प्रदेश आधारित स्वतंत्र डिजिटल समाचार मंच। जनहित, तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों के साथ समाचारों के जिम्मेदार प्रकाशन हेतु प्रतिबद्ध।






