जालौन में गैंगरेप के फरार आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, डुगडुगी पिटवाकर घर पर नोटिस चस्पा

0
UP SAMVAD LIVE

फरार आरोपी के घर पर पुलिस द्वारा नोटिस चस्पा किया गया

जालौन (चुर्खी):चुर्खी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकरी जरा में सामूहिक बलात्कार के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर फरार आरोपी गौरव पुत्र जीत सिंह के घर एवं संपत्ति पर बीएनएसएस की धारा 84 के तहत नोटिस चस्पा किया गया। इसके साथ ही गांव में डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई गई और आरोपी को थाने व न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी गई।

मामला जुलाई माह का है, जब आरोपी गौरव ने अपने मामा के लड़के विशाल (निवासी कानपुर देहात) के साथ मिलकर एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा लिया था। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने युवती को बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया और न्यायालय में बयान दर्ज कराए।

न्यायालय में दिए गए बयान में युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी गौरव और विशाल ने उसके साथ सिरसा कलार क्षेत्र, गुजरात सहित अन्य स्थानों पर सामूहिक बलात्कार किया। इसके आधार पर अक्टूबर माह में आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

थाना प्रभारी चुर्खी निरीक्षक शिव शंकर सिंह के अनुसार, आरोपी गौरव को कई बार नोटिस और समन जारी किए गए, लेकिन वह न तो थाने में उपस्थित हुआ और न ही न्यायालय में पेश हुआ। लगातार फरार रहने के चलते पुलिस ने न्यायालय से अनुमति लेकर बीएनएसएस की धारा 84 के तहत कार्रवाई शुरू की।

Advertisement

पुलिस टीम ने आरोपी के गांव पहुंचकर उसके घर पर नोटिस चस्पा किया और गांव में डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई, ताकि आमजन को आरोपी की फरारी और उसके विरुद्ध चल रही कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन |UP SAMVAD
Source: Police & Local Sources

Leave a Reply

You may have missed