शारदीय नवरात्रि पर मिशन शक्ति फेज-6 के तहत कोंच पुलिस का सेवा अभियान, दरिद्र नारायण सेवा समिति में आश्रितहीन और गरीब महिलाओं को किया गया सम्मानित
कोंच(जालौन) : शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-6 के तहत कोंच पुलिस ने सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल की। जालौन के कोंच नगर स्थित दरिद्र नारायण सेवा समिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आश्रितहीन और जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियां और फल वितरित किए गए।
यह अभियान प्रभारी निरीक्षक निगवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति प्रभारी विमलेश कुमार समेत एंटी रोमियो स्क्वाड की महिला पुलिसकर्मियों ने भागीदारी निभाई। पुलिस टीम ने जरूरतमंद महिलाओं के बीच पहुंचकर उनकी सहायता की और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
इस पहल में स्थानीय वरिष्ठ व्यापारियों ने भी सहयोग किया। उनके सहयोग से महिलाओं को साड़ियां और फल वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं तक सहायता पहुंचाना और त्योहार के अवसर पर उनके साथ खुशियां साझा करना रहा।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ-साथ सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए इस तरह की पहल की जा रही हैं।










