केवाईसी के नाम पर महिला के बैंक खाते से 10 हजार रुपये की ठगी पीड़िता ने सीओ से की शिकायत, जांच का भरोसा

केवाईसी के बहाने बैंक खाते से 10 हजार रुपये की ठगी, पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की।
कोंच (जालौन): गैस कनेक्शन की केवाईसी कराने के नाम पर एक महिला के बैंक खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने इस संबंध में क्षेत्राधिकारी से शिकायत कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।मोहल्ला गांधी नगर निवासी किरन पत्नी राकेश ने सीओ परमेश्वर प्रसाद को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके नाम नगर की एक पुरानी गैस एजेंसी से घरेलू गैस कनेक्शन है। जुलाई 2025 में वह कनेक्शन की केवाईसी कराने के लिए संबंधित गैस एजेंसी गई थी। वहां मौजूद उसके ही मोहल्ले के एक कर्मचारी ने बायोमेट्रिक मशीन पर उसका अंगूठा लगवाया, लेकिन सर्वर न होने की बात कहकर कर्मचारी ने बाद में घर आकर दोबारा अंगूठा लगवाने की बात कही।पीड़िता के अनुसार कुछ दिन बाद उक्त कर्मचारी उसके घर आया और फिर से बायोमेट्रिक के जरिए अंगूठा लगवाकर चला गया। महिला को उस समय किसी भी तरह की शंका नहीं हुई। लेकिन बीते 31 दिसंबर को जब वह बैंक शाखा में पासबुक की इंट्री कराने पहुंची, तो पता चला कि उसके खाते से 10 हजार रुपये निकालकर कर्मचारी ने अपने बैंक खाते में स्थानांतरित कर लिए हैं।महिला का कहना है कि जब उसने इस संबंध में आरोपी कर्मचारी और उसकी मां से बात की, तो दोनों टालमटोल करते रहे और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पीड़िता ने मामले को गंभीर बताते हुए सीओ से न्याय की गुहार लगाई है।इस संबंध में सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुहम्मद साजिद (मुख्य संस्थापक सीईओ), UP Samvad | उत्तर प्रदेश आधारित स्वतंत्र डिजिटल समाचार मंच। जनहित, तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों के साथ समाचारों के जिम्मेदार प्रकाशन हेतु प्रतिबद्ध।






