मरीज के लिए खाना लेने गई महिला पर हमला, मेडिकल कॉलेज में कर्मचारी ने सिर पर किया वार

0
Orai

हमले में घायल महिला

जालौन (उरई):उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वार्ड में भर्ती मरीज के लिए भोजन लेने गई एक महिला तीमारदार पर कर्मचारी द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि कर्मचारी ने महिला के सिर पर चमचे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में करीब आठ टांके लगाए। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी कर्मचारी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, झांसी के उजियारपुर गांव निवासी करन सिंह अपने तीन वर्षीय मानसिक रूप से बीमार पुत्र कृष्णा के इलाज के लिए 19 दिसंबर को पत्नी रिया के साथ मेडिकल कॉलेज उरई आए थे। चिकित्सकों की सलाह पर बच्चे को वार्ड नंबर चार में भर्ती कराया गया था। बच्चे की देखभाल के लिए करन सिंह की सास सावित्री देवी भी मेडिकल कॉलेज में मौजूद थीं।

बताया गया कि बुधवार शाम सावित्री देवी वार्ड के बाहर कैंटीन के पास मरीजों व तीमारदारों को वितरित की जा रही खिचड़ी लेने पहुंचीं। आरोप है कि कर्मचारी द्वारा कम मात्रा में भोजन दिए जाने पर उन्होंने दूसरे बर्तन में थोड़ी और खिचड़ी देने का अनुरोध किया। इसी बात को लेकर कर्मचारी और महिला के बीच कहासुनी हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर कर्मचारी ने आपा खो दिया और हाथ में मौजूद चमचे से महिला के सिर पर वार कर दिया। हमले से सावित्री देवी जमीन पर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें उठाकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक आरोपी कर्मचारी फरार हो चुका था। इस संबंध में सीओ सिटी ने बताया कि डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई है, लेकिन अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि भोजन सप्लाई का ठेका एक निजी फर्म के पास है। घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारी को तत्काल सेवा से हटा दिया गया है और फर्म को चेतावनी पत्र जारी किया गया है।

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन | UP SAMVAD
Source: Local Sources

Leave a Reply

You may have missed