सीओ लिखी पुलिस की गाड़ी ने शिक्षक-शिक्षिकाओं से भरी ओमिनी वैन को मारी टक्कर, 5 गंभीर घायल
कालपी (जालौन): उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में खाकी की लापरवाही और तेज रफ्तार का एक डरावना चेहरा सामने आया है। कालपी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कालपी-मंगरौल मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में शिक्षक-शिक्षिकाओं से भरी ओमिनी वैन को सामने से आ रही पुलिस की गाड़ी (सुमो) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ओमिनी वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार शिक्षकों के बीच चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में कई महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
रॉन्ग साइड से आ रही थी सीओ लिखी पुलिस की गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ट्रेनिंग सेंटर मंगरौल से जुड़ी हुई एक सूमो गाड़ी, जिस पर ‘सीओ’ (Circle Officer) लिखा हुआ था, कालपी-मंगरौल मार्ग पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से तेज रफ्तार में आ रही थी। जोधर नाले के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही शिक्षक-शिक्षिकाओं से भरी ओमिनी वैन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पंचवटी इंटर कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं थे सवार
हादसे का शिकार हुई ओमिनी वैन में सवार सभी लोग शेखपुर गुढ़ा स्थित पंचवटी इंटर कॉलेज के शिक्षक और शिक्षिकाएं बताए जा रहे हैं। ये सभी अपनी रोजाना की तरह विद्यालय जा रहे थे, तभी कालपी कोतवाली क्षेत्र में यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी।
तीन महिलाओं की हालत नाजुक, जिला अस्पताल उरई रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। वैन में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें कई महिला शिक्षिकाएं भी शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के दौरान तीन महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल उरई के लिए रेफर कर दिया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इस घटना के बाद से स्थानीय शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का सवाल है कि यदि पुलिस ही यातायात नियमों का उल्लंघन कर रॉन्ग साइड से वाहन चलाएगी, तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा। फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की गहनता से जांच कर रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






