जालौन के माधौगढ़ क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर सड़क धंसने से हादसे का खतरा बढ़ा, ग्रामीणों ने बैरिगेटिंग और तत्काल मरम्मत की मांग उठाई।
माधौगढ़(जालौन) : के माधौगढ़ तहसील क्षेत्र में उमरी से नावर जाने वाले मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह अचानक सड़क धंसने से बीच सड़क बड़ा गड्ढा बन गया। सड़क धंसने के बाद गड्ढा लगातार चौड़ा होता जा रहा है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों में हादसे की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहन गुजरते हैं। सड़क के बीचोंबीच गड्ढा बनने से वाहन चालकों को बेहद सावधानी के साथ आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क धंसने की जानकारी संबंधित विभाग को होने के बावजूद अभी तक मौके पर न तो बैरिगेटिंग कराई गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।
ग्रामीण सुरेश कुशवाहा ने प्रशासन से मांग की है कि पहले मौके पर सुरक्षा इंतजाम किए जाएं और इसके बाद सड़क की तकनीकी जांच कराकर जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों का आवागमन सुरक्षित रह सके।








