उरई के जेल रोड पर फर्नीचर की दुकान के बाहर मारपीट, घायल हलीम को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
उरई(जालौन) : जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र के जेल रोड पर यश पैथोलॉजी संचालक के साथ दिनदहाड़े मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों और नुकीले हथियारों से हमला कर हलीम को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, फर्नीचर की दुकान के बाहर राजा नामक युवक ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर कथित रूप से हलीम पर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा, जिससे वह लहूलुहान हो गए।
घटना के बाद राहगीरों ने घायल को बचाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए हलीम को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया।
सूचना पर उरई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।






