सलैया बुजुर्ग गांव के ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए एसडीएम अभिनव कुमार को ज्ञापन सौंपा।
कोंच(जालौन) : जालौन के कोंच तहसील क्षेत्र के सलैया बुजुर्ग गांव में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सोमवार को दर्जनों ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे और विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर शिकायत पत्र सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के लिए 250 KVA ट्रांसफार्मर स्वीकृत होने के बावजूद अब तक नहीं लगाया गया है। जर्जर विद्युत लाइनों के सहारे पूरी व्यवस्था चल रही है, जिससे बार-बार बिजली बाधित होती है और गांव अंधेरे में डूबा रहता है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही के साथ भ्रष्टाचार के भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि चार दिन से बिजली न होने के कारण पेयजल, घरेलू कार्य और छात्रों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने एसडीएम अभिनव कुमार को ज्ञापन देकर तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने और विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।







