कोंच में होली पर हुड़दंगियों और शोर-शराबे पर प्रशासन की टेढ़ी नजर; नियमों का उल्लंघन करने पर डीजे होंगे सीज

रिपोर्ट : राहुल, जालौन।UP SAMVAD
कोंच (जालौन): रंगों के महापर्व होली और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन ने कमर कस ली है। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए सोमवार को कोंच कोतवाली परिसर में क्षेत्राधिकारी (CO) परमेश्वर प्रसाद की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के तमाम डीजे संचालकों को बुलाकर शासन और न्यायालय के निर्देशों से अवगत कराया गया।
न्यायालय के आदेशों का पालन अनिवार्य: सीओ
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद ने स्पष्ट किया कि होली, आगामी ईद और विवाह समारोहों के दौरान ध्वनि प्रदूषण को लेकर किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने कड़े लहजे में निर्देश देते हुए कहा कि डीजे संचालकों को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही संचालन की अनुमति होगी। इसके अलावा, ध्वनि का स्तर 50 से 60 डेसीबल की निर्धारित सीमा के भीतर रखना अनिवार्य होगा।
सीओ ने जोर देकर कहा कि यह सीमा केवल प्रशासनिक निर्देश नहीं, बल्कि माननीय न्यायालय का आदेश है, जिसका उल्लंघन करना सीधे तौर पर कानून की अवमानना माना जाएगा।
रात 10 बजे के बाद सन्नाटा जरूरी, वरना होगी सख्त कार्रवाई
कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह ने डीजे संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस की टीमें लगातार गश्त पर रहेंगी। यदि रात 10 बजे के बाद कहीं भी डीजे बजता पाया गया, तो बिना किसी पूर्व सूचना के संबंधित उपकरण को तत्काल सीज कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “त्योहारों की खुशी दूसरों की परेशानी का सबब नहीं बननी चाहिए। बीमार व्यक्तियों, वृद्धों और छात्रों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए ध्वनि नियंत्रण का पालन करना हर नागरिक और संचालक का दायित्व है।”
वरिष्ठ उपनिरीक्षक विमलेश कुमार ने भी संचालकों से अपील की कि वे तय मानकों का चार्ट अपने पास रखें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों के बार-बार उल्लंघन पर संचालकों के लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।
संचालकों ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन
प्रशासनिक सख्ती और निर्देशों को सुनने के बाद बैठक में मौजूद डीजे संचालकों ने भी अपनी सहमति जताई। उन्होंने एक स्वर में प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे होली और अन्य आयोजनों में तय समय सीमा और ध्वनि मानकों का पूरा ध्यान रखेंगे।
बैठक में मुख्य रूप से डीजे संचालक बुद्धि अग्रवाल, गब्बर, विनय तिवारी, पप्पू, अफसर कुरैशी सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से नगर में यह संदेश स्पष्ट चला गया है कि इस बार होली पर हुड़दंग और शोर-शराबा करने वालों की खैर नहीं होगी।

Rahul (रिपोर्टर,जालौन) जालौन जनपद में स्थानीय समाचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को तथ्यों के आधार पर प्रस्तुत करते हैं।






