जालौन में खाकी पर गिरी गाज: लूट के बाद महिला की मौत और अपराधियों से ‘साठगांठ’ पड़ी भारी, थाना प्रभारी लाइन हाजिर, चौकी प्रभारी सस्पेंड

0
जालौन के कुठौंद थाने का प्रवेश द्वार और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की फाइल फोटो, जिन्होंने लापरवाही और अपराधियों से साठगांठ के मामले में थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया

रिपोर्ट : राहुल, जालौन।UP SAMVAD

जालौन। जनपद के कुठौंद थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर दिनदहाड़े दी गई लूट की वारदात और उसके बाद घायल महिला की मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतने और संदिग्ध आचरण के आरोप में कुठौंद थाना प्रभारी अजय पाठक को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है, वहीं शंकरपुर चौकी प्रभारी कुलवंत शरण को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। इस बड़ी कार्रवाई से समूचे पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है।

पुलिस चौकी के पास हुई थी दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट

​घटनाक्रम के अनुसार, बीते गुरुवार को सिरसा कलार थाना क्षेत्र के मड़िया गांव निवासी तेज सिंह अपनी पत्नी रचना देवी (35) के साथ बाइक से अपनी ससुराल कन्नौज जा रहे थे। दोपहर के वक्त जैसे ही दंपति कुठौंद थाना क्षेत्र की शंकरपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत धराणा गांव के पास भीमसेन मंदिर के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने महिला के हाथ से बैग छीनने का प्रयास किया। झपट्टा इतना जोरदार था कि रचना देवी बाइक से सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। बदमाश मौके से बैग लेकर फरार हो गए, जिसमें ₹20,000 की नगदी और सोने-चांदी के आभूषण रखे थे।

इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

​गंभीर रूप से घायल रचना देवी को प्राथमिक उपचार के बाद औरैया और फिर वहां से कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ते हुए रचना देवी ने अंतिम सांस ली। इस मौत की खबर ने इलाके के लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस चौकी के इतने करीब दिनदहाड़े वारदात होना पुलिस की गश्त और सक्रियता पर बड़ा सवालिया निशान है।

अपराधियों के साथ ‘बर्थडे पार्टी’ की तस्वीरों ने बढ़ाई मुश्किलें

​सूत्रों के अनुसार, थाना प्रभारी अजय पाठक पर गाज गिरने की एक बड़ी वजह उनकी कुछ वायरल तस्वीरें भी बनीं। कथित तौर पर इन तस्वीरों में थाना प्रभारी गैर जनपद के कुछ हिस्ट्रीशीटरों और संदिग्ध अपराधियों के साथ एक होटल में जन्मदिन का जश्न मनाते हुए दिखाई दे रहे थे। एक तरफ क्षेत्र में अपराधी बेलगाम थे और दूसरी तरफ थाना प्रभारी की अपराधियों के साथ कथित नजदीकियों ने पुलिस की छवि को धूमिल किया। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने इसे अनुशासनहीनता और पद की गरिमा के विरुद्ध माना।

एसपी का सख्त संदेश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं

​पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस का कार्य जनता को सुरक्षा प्रदान करना है, अपराधियों के साथ संबंध रखना नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही और संदिग्ध आचरण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​एसपी ने आगे बताया कि लूट की इस वारदात का खुलासा करने के लिए स्वाट (SWAT) और स्थानीय पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस के पास कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और दावा किया गया है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। वर्तमान में पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

You may have missed