जालौन: शादी की खुशियों में घुला मिलावट का जहर, उरई में घटिया खाद्य सामग्री पर जमकर हंगामा, खाद्य विभाग ने लिए नमूने

रिपोर्ट : राहुल, जालौन।UP SAMVAD
उरई (जालौन): जनपद जालौन के मुख्यालय उरई में उस समय हड़कंप मच गया जब एक शादी वाले घर में खुशियों के बीच मिलावटी खाद्य पदार्थों ने खलल डाल दिया। शहर के इंद्रा नगर निवासी एक परिवार द्वारा शादी के लिए खरीदी गई भारी मात्रा में पनीर, दही और खोया की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर परिजनों ने दुकान पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मामला इतना बढ़ा कि प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा और खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपलिंग की कार्रवाई शुरू की।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उरई के इंद्रा नगर निवासी राम मिलन राजपूत की बहन का विवाह 28 अप्रैल को संपन्न होना तय है। वैवाहिक समारोह की तैयारियों के बीच परिवार ने शहर के एक प्रतिष्ठित दुग्ध भंडार से पनीर, दही, खोया और रबड़ी सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्रियों का ऑर्डर दिया था। जब यह सामान घर पहुँचा और हलवाइयों ने इसकी जांच की, तो गुणवत्ता को लेकर संदेह पैदा हो गया। परिजनों का आरोप है कि सामान न केवल देखने में अशुद्ध लग रहा था, बल्कि उससे दुर्गंध भी आ रही थी।
बिल देने पर विवाद और बढ़ी गहमागहमी
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने सामग्री की गुणवत्ता पर आपत्ति जताई और दुकानदार से पक्का बिल मांगा, तो दुकानदार ने बिल देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। देखते ही देखते दुकान के बाहर स्थानीय लोगों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि दुकानदार न केवल मिलावटी सामान बेच रहा है, बल्कि निर्धारित बाजार दर से अधिक कीमतें वसूल कर उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण भी कर रहा है।
खाद्य विभाग की छापेमारी और सैंपलिंग
हंगामे की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग के मुख्य अधिकारी बी.के. राय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को शांत कराया और तुरंत दुकान में रखे पनीर, दही और खोया के नमूने (Samples) सील किए। खाद्य निरीक्षक बी.के. राय ने बताया कि इन नमूनों को राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि लैब रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैकफुट पर दुकानदार: पूरी रकम की वापस
कई घंटों तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे और प्रशासनिक दबाव के बाद दुकानदार ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए समझौता करने में ही भलाई समझी। दुकानदार ने खरीदार परिवार को सामग्री के बदले ली गई पूरी धनराशि वापस कर दी और आपूर्ति किया गया खराब सामान भी वापस उठा लिया। हालांकि, बचाव में दुकानदार ने तर्क दिया कि उसने खोया किसी अन्य सप्लायर से मंगवाया था, जबकि सप्लायर ने इन आरोपों को निराधार बताया है।






